सिंगरौली लूट के बाद फिजीकल पुलिस अलर्ट मोड में, बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सख्त निगरानी

शिवपुरी। सिंगरौली में Bank of Maharashtra में हुई सनसनीखेज लूट के बाद शिवपुरी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बैंकों की व्यापक जांच शुरू की गई। साफ संदेश अब लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं।
फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया के नेतृत्व में टीम ने Bank of Baroda, IDBI Bank, Kotak Mahindra Bank, Bandhan Bank और State Bank of India सहित कई बैंकों का औचक निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की सक्रियता और लाइसेंसी हथियारों की उपलब्धता को बारीकी से परखा गया। जहां भी कमी दिखी, वहीं मौके पर सुधार के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों के साथ सीधा संवाद कर साफ कर दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। थाना प्रभारी ने दो टूक कहा सिंगरौली जैसी घटना की पुनरावृत्ति रोकना प्राथमिकता है, और इसके लिए हर बैंक को अपनी सुरक्षा व्यवस्था अपडेट और एक्टिव रखनी होगी। अब निगरानी तेज है, और पुलिस की नजर हर गतिविधि पर टिकी हुई है।
