1000573273

शिवानी की मौत का मामला: दहेज प्रताड़ना के आरोप में वकील पति सहित सास-ससुर गिरफ्तार

1000573273

शिवपुरी। शिवपुरी पुलिस ने दहेज हत्या और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत के मामले में शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना के करीब 7 महीने बाद आरोपी वकील पति, सास और ससुर को इंदौर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 30 सितंबर 2025 को दर्ज की गई प्राथमिकी के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।

ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

जालौन (उरई) निवासी सुधीर कुमार शर्मा ने अपनी बेटी शिवानी की मौत के बाद ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। पिता के अनुसार, शिवानी का विवाह इंदौर की गोविंद कॉलोनी निवासी विकास शर्मा से हुआ था, जो पेशे से वकील है। परिजनों का आरोप है कि शादी में अपनी क्षमता अनुसार दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल के लोग संतुष्ट नहीं थे। पति विकास, ससुर कृष्णकांत, सास अर्चना और दादी शांति शर्मा द्वारा शिवानी को अतिरिक्त दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत

घटना वाले दिन आरोपी पति विकास शर्मा ने शिवानी के मायके वालों को सूचना दी थी कि ट्रेन यात्रा के दौरान शिवानी की तबीयत बिगड़ी और उल्टियां होने के कारण वह ट्रेन से गिर गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। हालांकि, शिवानी के पिता ने इस थ्योरी को खारिज करते हुए इसे सुनियोजित हत्या या दहेज के लिए मौत का मामला बताया था। परिजनों की शिकायत और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की थी।

पुलिस की दबिश और गिरफ्तारी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली टीआई रोहित दुबे की टीम ने इंदौर में दबिश दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति विकास शर्मा, ससुर कृष्णकांत शर्मा और सास अर्चना शर्मा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को तीनों आरोपियों को शिवपुरी लाया गया, जहाँ आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और फरार आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *