दलदल में फंसी गाय-बछड़े को बचाया, समय पर रेस्क्यू से टला हादसा

शिवपुरी। जिले की कोलारस तहसील के रिजोदा गांव में शनिवार दोपहर एक गाय और उसका बछड़ा सूखे तालाब के दलदल में फंस गए। पानी की तलाश में तालाब में उतरे ये मवेशी कम पानी के कारण बने कीचड़ में धंस गए और बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
घटना की जानकारी गांव के किसान राजीव रघुवंशी ने गौसेवक शिवकुमार रघुवंशी और दिलीप रघुवंशी को दी। सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद गाय और बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि गाय गांव के ही बीनू सैन की है। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
इधर, बढ़ती गर्मी के चलते क्षेत्र में जल संकट गहराता जा रहा है। शिवपुरी में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के जल स्रोत तेजी से सूख रहे हैं। ऐसे में पशु-पक्षियों के सामने पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है, जो इस तरह की घटनाओं का कारण बन रही है।
