ग्वालियर से शिवपुरी तक पीछा: MBBS छात्रा को सिरफिरे ने की छेड़खानी, फोटो वायरल की धमकी, मेडिकल कॉलेज के बाहर भी दी दबिश

शिवपुरी/ग्वालियर। शिक्षा के मंदिर और भविष्य को संवारने वाली मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा इन दिनों खौफ के साये में है। शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रही एक 23 वर्षीय छात्रा ने ग्वालियर के एक युवक के खिलाफ पीछा करने, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। आरोपी की प्रताड़ना का आलम यह था कि वह ग्वालियर से 120 किलोमीटर दूर शिवपुरी तक छात्रा का पीछा करते हुए आ पहुँचा।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह इस साल जनवरी में अपनी पढ़ाई के लिए शिवपुरी शिफ्ट हुई थी। उसे लगा था कि शहर बदलने से आरोपी कार्तिक पटेल का पीछा छूट जाएगा, लेकिन आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि वह ग्वालियर से शिवपुरी तक पहुँच गया। आरोपी यहाँ मेडिकल कॉलेज और हॉस्टल के बाहर चक्कर काटता था और छात्रा पर बात करने का दबाव बनाता था। विरोध करने पर उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और कुछ फोटो खींचकर उसे बदनाम करने की धमकी भी दी।
डर और बदनामी की कशमकश
छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पिछले तीन महीनों से इस मानसिक प्रताड़ना को झेल रही थी। बदनामी के डर और करियर की चिंता के कारण वह चुप रही, लेकिन जब आरोपी की हरकतें हद से बाहर हो गईं और वह घर के बाहर आकर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने लगा, तब पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई।
मामले में नया मोड़: आरोपी पक्ष के अपने दावे
इस मामले में आरोपी कार्तिक के परिजनों ने पुलिस को कुछ फोटो और वीडियो सौंपे हैं। उनका दावा है कि दोनों पहले अच्छे दोस्त थे और उनके बीच मधुर संबंध थे। आरोपी पक्ष का कहना है कि अब छात्रा दोस्ती तोड़ना चाहती है, जिसके कारण यह विवाद खड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल को दोनों पक्षों के बीच थाने में समझौता भी हुआ था, लेकिन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा।
पुलिस की कार्रवाई
ग्वालियर के उपनगर थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी कार्तिक पटेल के खिलाफ छेड़छाड़ और पीछा करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रशांज शर्मा ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
