जल्दी पेट्रोल डालने की बात पर विवाद, सेल्समैन के बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर दबंगई का मामला सामने आया है। यहाँ जल्दी पेट्रोल डालने का दबाव बना रहे दो युवकों ने एक सेल्समैन के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उसके बाल पकड़कर उसकी जमकर मारपीट कर दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मांगरौल निवासी संजीव यादव (25) , जो वर्तमान में बदरवास के वार्ड क्रमांक 07 में रहते हैं, बदरवास स्थित रोहित पेट्रोलियम पर सेल्समैन के रूप में काम करते हैं। घटना 15 अप्रैल की शाम करीब 5:00 से 5:30 बजे के बीच की है।

संजीव पंप पर वाहनों में ईंधन भर रहे थे, तभी ग्राम दौलतपुर निवासी सुनील यादव और ग्राम बडेरा निवासी धनपाल यादव बाइक से वहाँ पहुँचे।
आरोप है कि दोनों युवकों ने दूर से ही सेल्समैन को अपशब्द कहना शुरू कर दिया और लाइन में लगे बिना जल्दी पेट्रोल डालने का दबाव बनाया। जब संजीव ने उनसे भीड़ का हवाला देते हुए बाइक को पंप मशीन के पास लाने का आग्रह किया, तो आरोपी भड़क गए।
पीड़ित संजीव के अनुसार, जब विवाद बढ़ा और वह खुद को बचाने के लिए पीछे हटा, तो आरोपियों ने पीछा करके उसे पकड़ लिया। आरोपियों ने सरेराह उसके बाल पकड़े और मारपीट शुरू कर दी। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह शर्मनाक वारदात पूरी तरह रिकॉर्ड हो गई है।
पीड़ित सेल्समैन ने सीसीटीवी फुटेज के साथ बदरवास थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। संजीव ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
