गुना जेल से ग्वालियर ले जा रहे कैदी की शिवपुरी में मौत: जमीन धोखाधड़ी के मामले में पति पत्नि दोनों को हुई थी 7 साल की जेल

शिवपुरी। एक कैदी को जेल से उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बता दें कि गुना जेल से ग्वालियर ले जा रहे एक कैदी की शिवपुरी जिले में मौत हो गई। कैदी के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में ही किया गया है।
जानकारी के अनुसार श्याम पिता रघुवीर सिंह ठाकुर उम्र 67 साल निवासी इंदौर व उसकी पत्नी रेखा ठाकुर को जमीनी धोखाधड़ी के मामले में गुना कोर्ट ने 26 जून को 7 साल की सजा सुनाई थी। तभी से पति-पत्नी गुना जेल में बंद थे। 25 जुलाई को श्याम सिंह ठाकुर की तबीयत बिगड़ गई थी। जेल प्रबंधन ने श्याम सिंह ठाकुर को गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। तबीयत में सुधार नहीं आने के बाद डॉक्टरों ने श्याम सिंह ठाकुर को गुना के जिला अस्पताल से ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था।
गुरुवार की शाम 7 बजे जेल कर्मी सुरक्षा के बीच कैदी श्याम सिंह ठाकुर को ग्वालियर के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10.30 पर पूरनखेड़ी टोल प्लाजा के पास कैदी श्याम सिंह ठाकुर ने दम तोड़ दिया। कैदी के शव को रात में कोलारस के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया था लेकिन डिस्ट्रिक जज के आदेश के बाद कैदी का पोस्टमार्टम आज शिवपुरी में कराया गया है।
जानकारी के अनुसार 67 साल के श्याम सिंह ठाकुर का एक भी बेटा नहीं है। पत्नी जेल में बंद है। श्याम सिंह ठाकुर की दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी की ससुराल शिवपुरी है। इसी के चलते आज श्याम सिंह ठाकुर का अंतिम संस्कार पोस्टमार्टम कराने के बाद शिवपुरी में ही दामाद के हाथों कराया जाएगा।